भारतीय सबसे ज्यादा कर रहे हैं इंतजार
अमेरिका में यूं तो दुनिया भर के देशों के नागरिक प्रवास कर रहे हैं और इस समय ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे हैं। वहां ग्रीन कार्ड चाहने वालों की इस समय वेटिंग लिस्ट लंबी है। इसमें सबसे ज्यादा भारतीय हैं। यदि ट्रम्प जीते तो इनका इंतजार और लंबा हो सकता है।
बाइडेन की भारतीयों पर रही विशेष कृपा
अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने पिछले एक साल के दौरान ही भारतीयों को रिकार्ड 10 लाख वीसा दिए हैं। इनमें से सर्वाधिक वीसा विद्यार्थियों को दिए गए हैं। इसके बाद प्रोफेशनल्स का नंबर आता है। उनकी डेमोक्रेटिक पार्टी वैध इमिग्रेशन पर आसान शर्ते लागू करने की पक्षधर है।
ट्रम्प टैक्स बढ़ाने के भी पक्षधर
ट्रम्प बार-बार भारत में कुछ अमेरिकी उत्पादों पर लगने वाले ऊंचे टैक्स दरों का मुद्दा उठाते रहते हैं। पिछले साल उन्होंने एक बार कहा था कि अगर वो 2024 में राष्ट्रपति चुनाव जीते तो वो भी जवाबी तौर पर भारतीय सामानों पर भारी टैक्स लगाएंगे। उल्लेखनीय है कि अपने पहले कार्यकाल में ट्रंप ने भारत को 'टैरिफ़ किंग' कहा था और भारत पर अच्छा बर्ताव न करने का आरोप लगाते हुए अमेरिकी बाज़ार में उसे तरजीह देने वाले 'जनरलाइज़्ड सिस्टम ऑफ़ प्रिफ़्रेंसेज़' यानी जीएसपी से भी बाहर कर दिया था।
भारत बहुत ज्यादा टैरिफ लगाता है?
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बार एक पत्रकार को इंटरव्यू देते हुए कहा था कि एक चीज़ जो वह चाहते हैं वो ये कि बराबर टैक्स हो। अगर भारत अमेरिकी सामानों पर ज्यादा टैक्स लगाता है तो यहां भी ऐसा होगा। उन्होंने कहा था "मैंने ये हार्ले डेविडसन (बाइक) के मामले में देखा है। मैं ये कहता था कि आप भारत जैसी जगहों पर कैसे काम कर रहे हैं? उन्होंने कहा, अच्छा नहीं है सर। मैं पूछा क्यों? उन्होंने कहा कि वहां (भारत में) 100 फ़ीसदी, 150 फ़ीसदी और 200 फ़ीसदी तक टैरिफ़ है।"