घाटी में गूंजा 'मामा' का नाम: उमर अब्दुल्ला बोले- जम्मू-कश्मीर के लिए जो किया, उसके बाद आप सच में मामा हैं
श्रीनगर।
जम्मू-कश्मीर की सियासत में मंगलवार का दिन एक नई इबारत लिख गया। श्रीनगर के एसकेआईसीसी में ग्रामीण विकास परियोजनाओं के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की जिस तरह तारीफ की, उसने राजनीतिक गलियारों में सबको चौंका दिया। उमर ने न केवल शिवराज को प्रदेश का 'सच्चा मित्र' बताया, बल्कि मध्य प्रदेश में उनके 'मामा' वाले टैग को भी पूरी तरह सही करार दिया।
'...तो आप असली मामा हैं'
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बेहद गर्मजोशी के साथ कहा कि मध्य प्रदेश के लोगों ने अगर शिवराज सिंह को मामा के रूप में स्वीकार किया है, तो वह गलत नहीं था। उमर ने कहा, 'जो आप जम्मू-कश्मीर के लिए कर रहे हैं, उसका अगर आधा भी एमपी के लिए किया होगा, तो ये मामा वाला टैग आप पर बिल्कुल जंचता है। हमने आपको इसी अंदाज में कबूल किया है।'
8000 करोड़ की सौगात
अब्दुल्ला ने ईमानदारी के साथ स्वीकार किया कि उन्हें फिलहाल केंद्र से और धनराशि मांगने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जम्मू-कश्मीर को 8000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं मिल चुकी हैं। उमर ने आश्वस्त किया कि पहले स्वीकृत परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा और काम से संतुष्ट होने के बाद ही वे दोबारा केंद्र के पास जाएंगे।
363 बस्तियों तक पहुंचेगी 'तरक्की'
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने PMGSY-IV के तहत 3550 करोड़ रुपये की लागत वाली 330 नई सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस फंड से 1600 किलोमीटर का नया सड़क जाल बिछेगा। इस सड़क का फायदा यह है कि इसके जरिए जम्मू-कश्मीर की 363 सबसे पिछड़ी और दूरस्थ बस्तियां मुख्यधारा से जुड़ेंगी। इसके अलावा आम जनता की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक पहुंच आसान होगी।

Vishnu Deo Sai की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक में अहम फैसले
टीम मैनेजमेंट और चयन प्रक्रिया पर भी उठे सवाल
RCB के इतिहास में कई दिग्गज कप्तान रहे, लेकिन तुलना हमेशा जारी
वोटिंग के बीच EVM पर सियासी घमासान, BJP के बाद TMC ने भी उठाए सवाल
गंगा एक्सप्रेसवे उद्घाटन पर पीएम मोदी का हमला—‘सपा विकास और नारी विरोधी’