मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में तेज रफ्तार का खौफनाक असर देखने को मिला, जहां बाइक और पिकअप वैन की भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पिकअप वैन चालक मौके से फरार हो गया।

देर शाम हुआ भीषण सड़क हादसा

मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि मुशहरी की ओर से बाइक पर सवार तीन युवक शहर की तरफ लौट रहे थे। वहीं, शहर से एक पिकअप वैन मुशहरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र के पास दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि उड़ गए बाइक के परखच्चे

हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मिठनपुरा थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है।  घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। वहीं, दो अन्य गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घायल दोनों युवक मृतक के दोस्त और कन्हौली गांव के ही निवासी बताए गए हैं।

हादसे के बाद चालक फरार, पिकअप वैन पलटी

हादसे के बाद पिकअप वैन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। टक्कर के बाद पिकअप वैन भी पलट गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वे लोग पास की दुकान पर बैठे थे, तभी अचानक जोरदार आवाज हुई। देखा तो बाइक और पिकअप वैन की टक्कर हो चुकी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और पिकअप वैन पलट गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अफरा-तफरी मच गई। बाद में पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक की मौत हो गई।

ओवर स्पीड बना हादसे का कारण: थाना प्रभारी

मुशहरी थाना प्रभारी सुबोध कुमार मेहता ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि हादसे का मुख्य कारण ओवर स्पीड था। पिकअप वैन पलट गई और चालक मौके से भागने में सफल रहा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।