भोपाल लोकसभा सीट पर तीसरे फेज में 7 मई को चुनाव होंगे। BJP-कांग्रेस के अलावा कुल 22 कैंडिडेट मैदान में हैं। इन्हीं में से एक हैं अब्दुल ताहिर खान, जो 1-2 नहीं बल्कि 12 चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि, हर बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। पेशे से वकील ताहिर इस चुनाव में अपने 'रजनीकांत' लुक को लेकर भी चर्चा में है। वे रजनीकांत की फिल्म 'काला' के लुक में ही रहते हैं, और सोशल मीडिया से ही वोट मांग रहे हैं।
अब्दुल ताहिर 2 लोकसभा, 2 विधानसभा, 2 महापौर, 3 पार्षद और 3 चुनाव डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के लड़ चुके हैं। पहली बार वे साल 2004 में चुनाव लड़े थे। एक साथ महापौर और पार्षद के चुनाव में किस्मत आजमाई थी, लेकिन हार गए थे। 20 साल बाद अब वे लोकसभा चुनाव में मैदान में हैं। उनका मुख्य मुकाबला बीजेपी के आलोक शर्मा और कांग्रेस के अरुण श्रीवास्तव से हैं। राजनीतिक पार्टी और कुछ निर्दलीयों से भी उनका मुकाबला है।
क्यों लड़ रहे चुनाव?
अब्दुल ताहिर हर चुनाव में मैदान में उतरते हैं, लेकिन अपनी जमानत भी नहीं बचा पाते। आखिरी चुनाव लड़ने का ऐसा शौक क्यों है? इस सवाल पर वे बताते हैं कि पहले चुनाव में वे कांग्रेस के टिकट पर पार्षद के लिए मैदान में उतरने वाले थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इसलिए वे वार्ड 67 से पार्षद का चुनाव लड़े। चुनाव चिह्न था 'बाल्टी'। हालांकि, ज्यादा वोट नहीं ला पाया, लेकिन चुनाव लड़ने का शौक खत्म हुआ, और न ही जुनून कम हुआ। कभी न कभी तो जीतूंगा, यह सोचकर मैदान में उतर रहा हूं।